National Politics Punjab

पंजाब चुनाव 2027: कल दोपहर 12 बजे AAP जारी करेगी उम्मीदवारों की पहली सूची

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी शनिवार दोपहर करीब 12 बजे उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सकती है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने खुद दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान इसकी जानकारी दी और पत्रकारों को सूची की घोषणा के समय मौजूद रहने का न्योता दिया। दरअसल, शुक्रवार को दिल्ली में पंजाब विधानसभा चुनाव और उम्मीदवारों के चयन को लेकर आम आदमी पार्टी की अहम बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने की। इसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान, वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा और मनीष सिसोदिया समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक में संभावित उम्मीदवारों के नामों के साथ चुनावी रणनीति और प्रबंधन पर भी चर्चा की गई। सूत्रों के मुताबिक, पहली सूची में 25 से 30 उम्मीदवारों के नाम हो सकते हैं। हालांकि, शुक्रवार की बैठक में सभी सीटों पर सहमति नहीं बन पाई। इसलिए शनिवार सुबह एक बार फिर वरिष्ठ नेताओं की बैठक होगी, जिसमें उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

जनता के सर्वे को मिलेगा महत्व

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने स्पष्ट किया कि उम्मीदवारों का चयन जनता से मिले फीडबैक और सर्वे के आधार पर किया जा रहा है। पार्टी उन्हीं चेहरों को मैदान में उतारना चाहती है, जिन्हें जनता का समर्थन हासिल है। माना जा रहा है कि इस बार मौजूदा विधायकों के टिकट भी कट सकते हैं। चर्चा है कि करीब 40 विधायकों की सीटों पर बदलाव संभव है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पहली सूची में विवादरहित सीटों पर फोकस

जानकारी के अनुसार, पहली सूची में उन विधानसभा सीटों को प्राथमिकता दी जा सकती है, जहां उम्मीदवारों को लेकर ज्यादा विवाद नहीं है। पार्टी पहले ही कई क्षेत्रों में हल्का इंचार्ज नियुक्त कर चुकी है। ऐसे में इन चेहरों को टिकट मिलने की संभावना जताई जा रही है। अब सबकी निगाहें शनिवार दोपहर होने वाली घोषणा पर टिकी हैं।