Himachal Sirmour

नाहन में स्वागत गेट विवाद ने लिया हिंसक रूप, दोबारा पथराव के बाद पुलिस का लाठीचार्ज

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के नाहन में महर्षि वाल्मीकि चौक पर स्वागत गेट लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद लगातार गहराता जा रहा है। शुक्रवार को वाल्मीकि मोहल्ला और गोविंदगढ़ मोहल्ला के बीच तनाव उस समय फिर बढ़ गया, जब शाम करीब साढ़े पांच बजे दोनों पक्षों के बीच दोबारा पथराव शुरू हो गया। हालात बेकाबू होने पर पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान पुलिस कर्मियों पर भी पत्थर फेंके गए, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।

जानकारी के अनुसार, स्वागत गेट लगाने को लेकर दोनों समुदायों के बीच दिन में भी हिंसक झड़प हुई थी। इस दौरान दोनों ओर से पत्थर, ईंटें और कांच की बोतलें फेंकी गईं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। भीड़ को काबू में करने के लिए वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया गया था। दिन में हालात संभलने के बाद शाम को फिर से पथराव शुरू होने से प्रशासन की चिंता बढ़ गई। हिंसक झड़प के दौरान एक महिला पुलिस कर्मी सहित कुछ पुलिस कर्मचारियों के घायल होने की सूचना है। वहीं, पुलिस बल पर हमले के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।

तहसीलदार की गाड़ी क्षतिग्रस्त, कबाड़ की दुकान में आग की सूचना

संघर्ष के दौरान तहसीलदार नाहन के वाहन को भी निशाना बनाया गया। पथराव के कारण गाड़ी को काफी नुकसान पहुंचा। इसके अलावा क्षेत्र में एक कबाड़ की दुकान में आग लगाए जाने की सूचना भी सामने आई है। हालांकि, आग लगने की घटना से संबंधित विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। घटना के बाद नाहन के संबंधित क्षेत्रों में तनाव बना रहा। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है। लगातार बिगड़ते हालात के कारण शहर में यातायात और आम जनजीवन भी प्रभावित हुआ। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सतर्कता बरती जा रही है।