मुकेश अंबानी की कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ ने भारतीय शेयर बाजार में नया इतिहास रच दिया है। इस IPO को एक करोड़ से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिससे यह इतनी बड़ी संख्या में आवेदन पाने वाला दुनिया का पहला IPO बन गया है। जियो ने इस मामले में वारी एनर्जीज के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है, जिसके आईपीओ को करीब 97 लाख आवेदन मिले थे।
एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को बोली प्रक्रिया समाप्त होने से पहले जियो प्लेटफॉर्म्स का IPO 7.83 गुना सब्सक्राइब हो चुका था। इश्यू के तहत 19.75 करोड़ शेयर आरक्षित थे, जबकि करीब 154.62 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुईं। बोली प्रक्रिया शाम 7 बजे बंद होने के समय तक आवेदन संख्या में और बढ़ोतरी की संभावना जताई गई थी।
निवेशकों की श्रेणियों में संस्थागत खरीदारों की ओर से सबसे मजबूत मांग देखने को मिली। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) का हिस्सा 16.58 गुना सब्सक्राइब हुआ, जबकि नॉन-इंस्टीट्यूशनल निवेशकों की श्रेणी में 10.87 गुना बोलियां मिलीं। खुदरा निवेशकों का हिस्सा 2.18 गुना सब्सक्राइब हुआ। वहीं, कर्मचारियों की श्रेणी 2.59 गुना और शेयरधारकों की श्रेणी 6.25 गुना सब्सक्राइब हुई।
इससे पहले वारी एनर्जीज के आईपीओ को लगभग 97 लाख आवेदन मिले थे। बजाज हाउसिंग फाइनेंस और भारत कोकिंग कोल के IPO को भी करीब 90-90 लाख आवेदन प्राप्त हुए थे। जियो प्लेटफॉर्म्स ने आईपीओ का प्राइस बैंड 1,065 से 1,119 रुपये प्रति शेयर तय किया था। न्यूनतम बोली लॉट 12 शेयरों का रखा गया था। रिकॉर्ड आवेदन संख्या ने इस इश्यू को बाजार की प्रमुख घटनाओं में शामिल कर दिया है।


