अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत U-19 और ऑस्ट्रेलिया U-19 के बीच टेस्ट मैच के दौरान बुधवार को बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। अधिकारियों को ईमेल के जरिए स्टेडियम को निशाना बनाने की धमकी मिली, जिसके बाद साइबर सेल की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा जांच शुरू की गई। उस समय दोनों टीमों के खिलाड़ी स्टेडियम में मौजूद थे।
सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत खिलाड़ियों और अधिकारियों को बाद में स्टेडियम से बाहर निकाला गया। दोनों टीमें करीब दोपहर 1 बजे परिसर से रवाना हुईं। जांच के बाद स्थानीय पुलिस ने धमकी को फर्जी बताया। तलाशी के दौरान स्टेडियम में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
इसी बीच अहमदाबाद में कई अन्य संस्थानों को भी इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिलने की जानकारी सामने आई। अधिकारियों के मुताबिक, शहर के करीब 10 निजी स्कूलों को बम धमाके की धमकी वाले ईमेल भेजे गए थे। इसके बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड और एंटी-सबोटाज टीमों ने स्कूलों की जांच की। हालांकि, किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
सूत्रों के अनुसार, धमकी देने वाले ने ईमेल में खुद को ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ से जुड़ा बताया और 1 नवंबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम तथा 21 नवंबर को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में धमाके की धमकी दी। ये तारीखें दिलजीत दोसांझ के प्रस्तावित कॉन्सर्ट से जुड़ी बताई जा रही हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


