Facebook इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए जल्द ऐप का अनुभव बदल सकता है। Meta अपने प्लेटफॉर्म पर एक नए वीडियो-फर्स्ट एक्सपीरियंस की टेस्टिंग करने जा रहा है। इसके तहत चुनिंदा यूजर्स को Facebook खोलते ही सामान्य Feed की जगह सीधे फुल-स्क्रीन वीडियो दिखाई दे सकते हैं। कंपनी के मुताबिक, यह टेस्ट इस साल के अंत में शुरू किया जाएगा और शुरुआत में इसे सीमित यूजर्स के लिए ही उपलब्ध कराया जाएगा।
Meta का कहना है कि Facebook पर वीडियो कंटेंट की भूमिका लगातार बढ़ रही है। यूजर्स वीडियो के जरिए मनोरंजन के साथ बातचीत, कम्युनिटी से जुड़ने और खरीदारी जैसे काम भी कर रहे हैं। हालांकि, नए बदलाव का मतलब यह नहीं है कि मौजूदा Feed को पूरी तरह हटा दिया जाएगा। टेस्ट में शामिल यूजर्स के लिए वीडियो एक्सपीरियंस के साथ Classic Feed एक अलग टैब के रूप में उपलब्ध रहेगा। यानी जरूरत के मुताबिक यूजर्स फुल-स्क्रीन वीडियो और पुराने Feed के बीच स्विच कर सकेंगे।
यह बदलाव Facebook Marketplace के 10 साल पूरे होने के मौके पर सामने आया है। इसके साथ Meta नियमित रूप से Marketplace पर सामान बेचने वाले लोगों के लिए नए Seller ऐप की भी टेस्टिंग कर रहा है। इसमें AI की मदद से लिस्टिंग बनाने, यूनिफाइड इनबॉक्स, इन्वेंट्री मैनेजमेंट और बिक्री से जुड़ी परफॉर्मेंस जानकारी जैसे फीचर्स मिलेंगे। कंपनी का दावा है कि इससे सेलर्स के लिए बिक्री प्रक्रिया अधिक आसान और व्यवस्थित होगी।


