दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क की कुल संपत्ति एक बार फिर 1 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंच गई है। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, सोमवार को उनकी नेटवर्थ में 65 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई और यह बढ़कर करीब 1.04 ट्रिलियन डॉलर हो गई। करीब तीन महीने में यह दूसरी बार है जब मस्क ने ट्रिलियनेयर का दर्जा हासिल किया है।
मस्क की संपत्ति में इस तेज उछाल की मुख्य वजह उनकी कंपनियों टेस्ला और स्पेसएक्स के शेयरों में आई तेजी मानी जा रही है। सोमवार को स्पेसएक्स के शेयरों में 7.63 फीसदी, जबकि टेस्ला के शेयरों में 2.20 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई। अक्टूबर में अब तक स्पेसएक्स के शेयर करीब 13.4 फीसदी और टेस्ला के शेयर 7.64 फीसदी चढ़ चुके हैं।
ब्लूमबर्ग के अनुसार, इस साल मस्क की नेटवर्थ में करीब 120 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। उनकी कुल संपत्ति का 98 फीसदी से ज्यादा हिस्सा टेस्ला और स्पेसएक्स में उनकी हिस्सेदारी से जुड़ा है। मस्क इससे पहले जून में पहली बार ट्रिलियनेयर बने थे, लेकिन बाद में कंपनियों के वैल्यूएशन को लेकर चिंताओं के बीच उनकी संपत्ति में भारी गिरावट आई। जुलाई के अंत तक उनकी नेटवर्थ में 600 अरब डॉलर से अधिक की कमी दर्ज की गई थी। अब शेयरों में दोबारा तेजी के साथ उन्होंने यह मुकाम फिर हासिल कर लिया है।


