भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की है। प्राधिकरण ने एवरेस्ट फूड प्रोडक्ट्स के प्री-पैक्ड जीरा पाउडर की एक बैच को खाद्य मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर बाजार से वापस लेने का आदेश दिया है। संबंधित बैच नंबर E080668761 बताया गया है।
जांच में जीरा पाउडर के सैंपल में एजोक्सीस्ट्रोबिन और थायमेथोक्साम नामक कीटनाशकों के अवशेष निर्धारित सीमा से अधिक पाए गए। रेफरल फूड लैबोरेटरी में दोबारा जांच के बाद भी सैंपल को असुरक्षित घोषित किया गया। FSSAI ने कंपनी को प्रभावित बैच की वापसी का रिकॉर्ड रखने और निर्धारित समय में स्टेटस रिपोर्ट जमा करने के निर्देश दिए हैं।
इसी कार्रवाई के तहत FSSAI ने क्रिएटिव बेकर्स एंड कन्फेक्शनर्स प्राइवेट लिमिटेड का लाइसेंस भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निरीक्षण के दौरान उत्पादन क्षेत्र में गंदगी, ग्रीस, धूल, मकड़ी के जाले और मक्खियां मिलीं। कई जगहों पर कच्ची सामग्री खुले में रखी थी, जबकि कुछ कंटेनर जंग लगे और साफ-सफाई के लिहाज से अनुपयुक्त पाए गए।
परिसर में कीट नियंत्रण की व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं मिली। इसके अलावा टूटी फर्श की टाइलें, उखड़ा पेंट, सीलन, जंग लगी मशीनें और कचरा मिलने की बात सामने आई। खाद्य सुरक्षा से जुड़े कई जरूरी रिकॉर्ड भी सही तरीके से संधारित नहीं थे। FSSAI ने सुधारात्मक कदम उठाने तक बेकरी की खाद्य गतिविधियां रोकने के निर्देश दिए हैं।


