दिल्ली पुलिस की आउटर नॉर्थ जिला पुलिस ने अवैध पटाखों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2,101 किलो पटाखे बरामद किए हैं। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो वाहनों को भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, हरियाणा से यूईआर-2 और बवाना के रास्ते दिल्ली में बड़ी मात्रा में अवैध पटाखे लाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने निगरानी बढ़ाई और संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। तलाशी के दौरान दो वाहनों से करीब 1,350 किलो पटाखे बरामद किए गए। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को अलीपुर इलाके में एक गोदाम की जानकारी मिली। वहां छापेमारी कर 751 किलो अतिरिक्त पटाखे बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से 34 वर्षीय मनोज कुमार को गिरफ्तार किया।
मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित गुप्ता, सुनील और मनोज कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, अमित गुप्ता और सुनील टाटा ऐस वाहन चलाते हैं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में पटाखे कहां से लाए गए थे और दिल्ली में इन्हें कहां-कहां पहुंचाया जाना था। जांच एजेंसियां इनके स्रोत, भंडारण और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही हैं।


