यामी गौतम धर की अपकमिंग फिल्म ‘नई नवेली’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। देसी कॉमेडी, पारिवारिक ड्रामा और फैंटेसी के अनोखे मेल वाली यह फिल्म दर्शकों को एक अलग कहानी का अनुभव कराने के लिए तैयार है। फिल्म में यामी गौतम ‘मोहिनी’ के किरदार में नजर आएंगी, जिसकी सादगी के पीछे एक बड़ा रहस्य छिपा हुआ है।
फिल्म की कहानी मेरठ के अवस्थी परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है। घर में नई बहू मोहिनी का धूमधाम से स्वागत होता है। पहली नजर में वह बेहद संस्कारी और आदर्श बहू दिखाई देती है, लेकिन उसके आने के बाद परिवार में अजीबोगरीब घटनाएं शुरू हो जाती हैं। धीरे-धीरे घरवालों के मन में सवाल उठने लगता है कि आखिर मोहिनी कौन है और उसके अतीत का सच क्या है? इसी दौरान ‘भाभी डायन है!’ जैसी चर्चाएं कहानी में नया ट्विस्ट लेकर आती हैं।
मोहिनी के किरदार को लेकर यामी गौतम ने कहा कि यह भूमिका उनके लिए खास है, क्योंकि इसमें मासूमियत के साथ एक गहरा रहस्य भी है। फिल्म का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है, जबकि कहानी हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है। आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा इसके निर्माता हैं। संगीत जी.वी. प्रकाश कुमार ने दिया है। ‘नई नवेली’ 16 अक्टूबर 2026 को दशहरे के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।


