Technology

भारत में लॉन्च हुआ Apple Pay, iPhone से Tap-to-Pay की सुविधा शुरू

लंबे इंतजार के बाद Apple ने भारत में अपनी Tap-to-Pay सर्विस Apple Pay लॉन्च कर दी है। अमेरिका में सितंबर 2014 में शुरू हुई यह सेवा करीब 12 साल बाद भारत पहुंची है। फिलहाल इसकी शुरुआत Axis Bank के Visa और Mastercard क्रेडिट कार्ड के साथ की गई है।

Apple Pay के जरिए यूजर्स iPhone, iPad और Apple Watch से NFC सपोर्ट वाली PoS मशीन पर टैप करके पेमेंट कर सकेंगे। इसके लिए हर बार कार्ड निकालने या अलग से PIN और OTP डालने की जरूरत नहीं होगी। हालांकि, पेमेंट के लिए संबंधित दुकान की PoS मशीन में NFC सुविधा उपलब्ध होना जरूरी है। Apple के मुताबिक, Apple Pay में यूजर का वास्तविक कार्ड नंबर डिवाइस या कंपनी के सर्वर पर स्टोर नहीं होता। इसके बजाय एक अलग Device Account Number बनाया जाता है, जिसे डिवाइस के Secure Element में सुरक्षित रखा जाता है। पेमेंट के दौरान वास्तविक कार्ड नंबर दुकानदार के साथ भी साझा नहीं किया जाता।

कंपनी का कहना है कि Apple Pay के जरिए किए गए ट्रांजैक्शन की जानकारी Apple अपने पास स्टोर नहीं करता। भारत में यह सेवा फिलहाल सीमित कार्ड सपोर्ट के साथ शुरू हुई है, जबकि भविष्य में अन्य बैंक और कार्ड नेटवर्क भी जुड़ सकते हैं। Axis Bank के पात्र कार्डधारक अपने बैंकिंग ऐप के जरिए कार्ड को Apple Wallet में जोड़ सकते हैं। इसके अलावा iPhone में Wallet ऐप खोलकर ‘+’ विकल्प से भी कार्ड ऐड किया जा सकता है। कार्ड जुड़ने के बाद NFC-enabled PoS मशीन पर डिवाइस टैप करके भुगतान किया जा सकेगा।