National

ज्यूरिख-दिल्ली फ्लाइट से पहले अल्कोहल टेस्ट में फेल हुआ एयर इंडिया पायलट, सस्पेंड

एयर इंडिया की ज्यूरिख से दिल्ली आने वाली फ्लाइट में उड़ान से ठीक पहले एक पायलट के अल्कोहल टेस्ट में फेल होने का मामला सामने आया है। घटना 6 सितंबर की बताई जा रही है। अनिवार्य मेडिकल जांच के दौरान फर्स्ट ऑफिसर के नशे में होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद उसे तुरंत ड्यूटी से हटा दिया गया और सेवा से निलंबित कर दिया गया। पायलट को विमान से उतारकर सामान्य यात्री के रूप में भारत भेजा गया।

एयरलाइन के अनुसार, पायलट के खिलाफ कार्रवाई अंतिम मेडिकल रिपोर्ट और जांच पूरी होने तक जारी रहेगी। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा और नियामक नियमों के उल्लंघन को लेकर उसकी जीरो-टॉलरेंस नीति है। एयर इंडिया ने सभी क्रू सदस्यों को सुरक्षा और पेशेवर मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।

यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब एयर इंडिया के एक अन्य पायलट पर भी ड्रग टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने के बाद कार्रवाई की गई थी। फुकेत-दिल्ली उड़ान से जुड़े मामले में पायलट सुदीप वशिष्ठ के सैंपल में मारिजुआना की पुष्टि हुई थी। संबंधित उड़ान के दौरान विमान की ऊंचाई अचानक कम होने से कई यात्री और चालक दल के सदस्य घायल हुए थे। हालांकि, निलंबित पायलट ने अपने बचाव में डॉक्टर द्वारा दी गई दवा लेने की बात कही थी।