बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी खबर है। 28 से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल से पहले सरकार ने 27 सितंबर, रविवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को खोलने का फैसला किया है। इसका उद्देश्य लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने से ग्राहकों को होने वाली परेशानी को कम करना है।
यूनियन फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। इससे पहले 26 सितंबर को चौथे शनिवार की छुट्टी है। ऐसे में 26 से 30 सितंबर तक लगातार पांच दिनों तक सामान्य बैंकिंग कामकाज प्रभावित हो सकता था। वित्त मंत्रालय के फैसले के अनुसार, 27 सितंबर को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सामान्य कार्यदिवस की तरह खुले रहेंगे। बैंक शाखाओं के अलावा संबंधित कार्यालय, एटीएम से जुड़े केंद्र और करेंसी चेस्ट भी संचालन में रहेंगे।
ग्राहकों के लिए यह दिन बैंक से जुड़े जरूरी काम निपटाने का अवसर हो सकता है। चेक जमा करने, नकद लेन-देन और पासबुक से जुड़े कार्यों के लिए ग्राहक रविवार को बैंक शाखा जा सकते हैं। वहीं, प्रस्तावित हड़ताल के दौरान डिजिटल बैंकिंग सेवाओं जैसे UPI, नेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग की उपलब्धता अलग-अलग सेवाओं और बैंक के संचालन पर निर्भर कर सकती है। सरकार और बैंक प्रबंधन की ओर से यूनियनों से हड़ताल वापस लेने की अपील भी की गई है।


