त्योहारी सीजन से पहले पंजाब के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को सरकार ने बड़ी राहत देने का फैसला किया है। शुक्रवार को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री भगवंत मान और कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच हुई बैठक में लंबित महंगाई भत्ते (डीए) को लेकर सहमति बनी। सरकार ने डीए में कुल 8 प्रतिशत बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है। सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच बनी सहमति के मुताबिक यह बढ़ोतरी 4-4 प्रतिशत की दो किस्तों में लागू की जाएगी। इसके बाद कर्मचारियों और पेंशनर्स का कुल डीए बढ़कर 50 प्रतिशत हो जाएगा। सरकार ने बढ़ा हुआ डीए इसी महीने के वेतन के साथ देने की बात कही है। इससे त्योहारों से पहले कर्मचारियों को अतिरिक्त आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।
बैठक में मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा और डॉ. बलजीत कौर भी मौजूद रहे। कर्मचारी और पेंशनर्स संगठनों की ओर से 12 प्रतिनिधियों ने बैठक में हिस्सा लिया। डीए और अन्य मांगों को लेकर पिछले कुछ समय से कर्मचारी संगठन आंदोलन कर रहे थे। इससे पहले जालंधर में मुख्यमंत्री और कर्मचारी नेताओं के बीच प्रस्तावित बातचीत नहीं हो सकी थी। मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों से हड़ताल खत्म कर बातचीत के लिए आगे आने को कहा था, जबकि कर्मचारी संगठन अपनी मांगों पर कायम रहे। बाद में कर्मचारी नेताओं की मुख्य सचिव केएपी सिन्हा के साथ बैठक हुई, जिसके बाद मुख्यमंत्री के साथ वार्ता का रास्ता खुला। शुक्रवार की बैठक में डीए के अलावा कर्मचारियों और पेंशनर्स की अन्य लंबित मांगों पर भी चर्चा हुई। अब इन मांगों पर सरकार के अगले कदम पर कर्मचारी संगठनों की नजर रहेगी।


