Punjab

मोहाली और पटियाला में इमिग्रेशन कंपनियों पर ED की छापेमारी, मजीठिया ने IPS अधिकारी से जोड़ा मामला

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार सुबह पंजाब के मोहाली और पटियाला में इमिग्रेशन से जुड़ी कंपनियों और कुछ अन्य ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। जानकारी के मुताबिक, ED की यह कार्रवाई देर रात से ही जारी थी। मोहाली के आईटी सिटी, सेक्टर-82ए में भी जांच एजेंसी की टीम एक कारोबारी के आवास पर पहुंची और कोठी नंबर 2010 में तलाशी ली। सूत्रों के अनुसार, ED की कार्रवाई पंजाब के अलग-अलग इलाकों में कई स्थानों पर एक साथ चलने की बात सामने आई है। इनमें मोहाली, पटियाला और डेराबस्सी शामिल बताए जा रहे हैं। हालांकि, जांच एजेंसी की ओर से अभी तक इस कार्रवाई को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

इस बीच, शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए ED की इस कार्रवाई का उल्लेख किया। अपनी पोस्ट में उन्होंने तलाशी अभियान को पंजाब के एक IPS अधिकारी से कथित रूप से जुड़े मामले के तौर पर पेश किया है। हालांकि, इस संबंध में जांच एजेंसी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ED की यह कार्रवाई किस मामले या वित्तीय लेनदेन की जांच के सिलसिले में की जा रही है। साथ ही, जांच के दायरे में किन व्यक्तियों या कंपनियों को शामिल किया गया है, इसकी भी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। ED की तलाशी के बाद संबंधित क्षेत्रों में गतिविधियां बढ़ गई हैं और मामले को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं जारी हैं। जांच एजेंसी की ओर से आधिकारिक बयान सामने आने के बाद ही कार्रवाई के कारण और जांच के दायरे को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।