कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) ने बीमाकृत व्यक्तियों को राहत देने के लिए क्लेम स्टेटस से जुड़ी नई एसएमएस आधारित सुविधा शुरू की है। इस व्यवस्था के तहत बीमित लोगों को उनके दावे की स्थिति की जानकारी सीधे मोबाइल फोन पर एसएमएस के जरिए मिल सकेगी। इससे क्लेम की जानकारी लेने के लिए बार-बार शाखा कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी।
ईएसआईसी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, नई सुविधा को निगम के मौजूदा सिस्टम में शामिल किया गया है। इसके तहत किसी बीमित व्यक्ति का दावा दाखिल होने, मंजूर होने या खारिज किए जाने जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं पर उसे स्वतः एसएमएस अलर्ट भेजा जाएगा। इसका उद्देश्य क्लेम निपटारे की प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने के साथ-साथ लाभार्थियों को उनके दावे की प्रगति से समय पर अवगत कराना है।
अब तक कई मामलों में बीमित लोगों को अपने दावे की स्थिति जानने के लिए संबंधित शाखा कार्यालय से संपर्क करना पड़ता था। नई डिजिटल सुविधा से यह जानकारी सीधे उनके मोबाइल तक पहुंच सकेगी। ईएसआईसी ने क्षेत्रीय और उप-क्षेत्रीय कार्यालयों के अधिकारियों को इस व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं।
केंद्र सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के प्रशासनिक नियंत्रण में संचालित ईएसआईसी योजना के तहत लाखों कर्मचारी और उनके परिवार लाभ प्राप्त करते हैं। नई एसएमएस सुविधा से दावा निपटारे की प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक और पारदर्शी होने की उम्मीद है।


