National

BRICS डिनर में शाकाहारी मेन्यू पर सियासत तेज, राहुल गांधी समेत विपक्ष ने उठाए सवाल

दिल्ली के भारत मंडपम में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन का 13 सितंबर को समापन हुआ। दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान आयोजित गाला डिनर में विदेशी मेहमानों के लिए पूरी तरह शाकाहारी भोजन परोसे जाने को लेकर अब राजनीतिक बहस छिड़ गई है। विपक्ष ने आरोप लगाया है कि सरकार ने अंतरराष्ट्रीय मेहमानों के सामने भी खान-पान की एक विशेष पसंद को प्राथमिकता दी। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर दिल्ली के मशहूर छोले-भटूरे की तस्वीर साझा करते हुए कहा कि करीब 80 फीसदी भारतीय मांसाहारी भोजन करते हैं। उन्होंने भारतीय नॉनवेज व्यंजनों की तारीफ करते हुए अपने अंदाज में सरकार के फैसले पर सवाल उठाया।

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारत विविध संस्कृतियों और अलग-अलग खान-पान की परंपराओं वाला देश है। उनके मुताबिक, देश में कई ऐसे लोकप्रिय नॉनवेज व्यंजन हैं जिन्हें दुनियाभर के लोग पसंद करते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि BRICS सम्मेलन में भारत की इस खाद्य विविधता को क्यों नहीं दिखाया गया। TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने भी इस मुद्दे पर तंज कसा। उन्होंने BRICS नेताओं को दिल्ली के मशहूर करीम्स के बर्रा कबाब का स्वाद लेने की सलाह तक दे डाली।

हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन में शाकाहारी भोजन परोसा गया हो। दिल्ली में आयोजित G20 सम्मेलन के दौरान भी भारत मंडपम और राष्ट्रपति भोज में शाकाहारी मेन्यू रखा गया था। वहीं, BJP सांसद संबित पात्रा ने विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका से कुछ विपक्षी नेताओं को ‘अपच’ हो रही है। उन्होंने कहा कि BRICS में ‘I’ भारत का प्रतिनिधित्व करता है और देश को अपनी भूमिका पर गर्व है।