Assam

असम में सरकारी कार्यक्रमों में ‘वंदे मातरम्’ अनिवार्य, समापन पर बजेगा राष्ट्रगान

असम सरकार ने मुख्यमंत्री, मंत्रियों और अन्य विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी वाले सरकारी कार्यक्रमों को लेकर एक नया आदेश जारी किया है। इसके तहत ऐसे सभी कार्यक्रमों की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के पूरे संस्करण के गायन से करना अनिवार्य होगा।

सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश में कार्यक्रमों के दौरान राष्ट्रगीत, राज्य गीत और राष्ट्रगान के गायन या वादन के लिए एक निर्धारित व्यवस्था तय की गई है। विभाग के सचिव नरसिंग संभाजी पवार द्वारा 11 सितंबर को जारी आदेश के मुताबिक, किसी भी सरकारी कार्यक्रम की औपचारिक कार्यवाही शुरू होने से पहले ‘वंदे मातरम्’ का पूरा संस्करण गाया जाएगा। राष्ट्रगीत के बाद असम का राज्य गीत ‘ओ मोर आपोनार देश’ प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं, कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ गाया या बजाया जाना अनिवार्य होगा।

सरकार ने इस व्यवस्था के पीछे सरकारी आयोजनों में एकरूपता बनाए रखने को प्रमुख कारण बताया है। आदेश के अनुसार, मुख्यमंत्री, मंत्रियों और अन्य विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति वाले राज्य सरकार के कार्यक्रमों में तीनों महत्वपूर्ण गीतों के गायन अथवा वादन की प्रक्रिया एक समान होनी चाहिए। नए निर्देश के बाद राज्य सरकार के आधिकारिक कार्यक्रमों में राष्ट्रगीत से शुरुआत, राज्य गीत के बाद राष्ट्रगान के साथ समापन की निर्धारित परंपरा लागू होगी।