अनीत पड्डा और फातिमा सना शेख की मोस्ट अवेटेड वेब सीरीज ‘हुंकार’ लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। ‘सैय्यारा’ में अपनी एक्टिंग से दर्शकों का ध्यान खींचने के बाद अब अनीत पड्डा एक बिल्कुल अलग और चुनौतीपूर्ण किरदार में नजर आने वाली हैं। सीरीज का टीजर पहले ही दर्शकों के बीच चर्चा बटोर चुका था, वहीं अब 10 सितंबर को ‘हुंकार’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है, जिसने सीरीज को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
ट्रेलर की शुरुआत अनीत पड्डा के किरदार मीनू से होती है, जो एक प्रभावशाली आध्यात्मिक गुरु बापजी, जिसका किरदार रघुबीर यादव निभा रहे हैं, के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाती है। मीनू गुरु पर मारपीट और यौन शोषण जैसे गंभीर आरोप लगाती है। इसके बाद कहानी उस संघर्ष को सामने लाती है, जिसमें शिकायत करने वाली महिला को ही समाज और परिवार के सवालों का सामना करना पड़ता है। मीनू के व्यवहार और उसके बेबाक अंदाज को लेकर भी सवाल उठाए जाते हैं, यहां तक कि उसके पिता भी उसकी बात और नीयत पर संदेह करते नजर आते हैं।
वहीं, फातिमा सना शेख ACP जसलीन सिंह सोनी के किरदार में नजर आ रही हैं, जो मामले की तह तक जाने और मीनू को न्याय दिलाने की कोशिश करती हैं। लेकिन बापजी का प्रभाव और उसके साथ खड़े लोगों की ताकत जांच के रास्ते में बड़ी चुनौती बन जाती है। जसलीन को भी दबाव और धमकियों का सामना करना पड़ता है, जिससे कहानी और ज्यादा गंभीर होती दिखाई देती है। सीरीज में मोहम्मद जीशान अय्यूब एक ऐसे वकील की भूमिका निभा रहे हैं, जो मीनू की बात पर भरोसा करता है और उसके पक्ष में खड़ा होता है। वहीं राम कपूर बापजी के वकील के किरदार में नजर आएंगे, जबकि अर्जुन माथुर एक टीवी पत्रकार की भूमिका निभा रहे हैं, जो मीनू के लगाए आरोपों की सच्चाई की पड़ताल करता है।
कुल मिलाकर, ट्रेलर में कानून, मीडिया, प्रभाव और पीड़िता के संघर्ष के कई पहलू एक साथ देखने को मिलते हैं। ‘हुंकार’ का ट्रेलर एक गंभीर और संवेदनशील मुद्दे पर आधारित दमदार कहानी की झलक देता है। ‘हुंकार’ 25 सितंबर को JioHotstar पर स्ट्रीम होगी। सीरीज को बिरला स्टूडियोज और अप्लॉज एंटरटेनमेंट ने पर्पल पेबल पिक्चर्स के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है। वहीं प्रियंका चोपड़ा जोनस इस शो की एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर हैं।


