Bihar National Politics

खरगे की PM मोदी पर टिप्पणी से सियासी घमासान, अमित शाह-नितिन नवीन ने साधा निशाना

बिहार की राजधानी पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई टिप्पणी पर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेताओं ने खरगे के बयान की कड़ी आलोचना करते हुए इसे राजनीतिक मर्यादाओं के खिलाफ बताया है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कांग्रेस अध्यक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मंच से प्रधानमंत्री के प्रति अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल कांग्रेस के वैचारिक दिवालियापन को दर्शाता है। नवीन के मुताबिक, राजनीतिक मतभेदों के बावजूद नेताओं को शिष्टाचार और गरिमा बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि ठोस मुद्दों के अभाव में कांग्रेस व्यक्तिगत टिप्पणियों का सहारा ले रही है।

वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी खरगे के बयान पर नाराजगी जताई। उन्होंने एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री के पिता को लेकर की गई टिप्पणी ने राजनीतिक मर्यादाओं को तार-तार कर दिया है। शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता पहले भी प्रधानमंत्री और उनके परिवार के खिलाफ विवादित बयान देते रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पर चुनावी हार से निराश होकर मुद्दों के बजाय व्यक्तिगत हमलों की राजनीति करने का आरोप लगाया।

दरअसल, पटना में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान खरगे के संबोधन में विवाद हुआ। प्रधानमंत्री मोदी का जिक्र करते हुए खरगे लगातार केंद्र सरकार पर निशाना साध रहे थे। इसी बीच, कार्यक्रम में मौजूद एक व्यक्ति ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कहीं नहीं जाएंगे। इस पर खरगे ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “मोदी का बाप भी जाएगा,” और प्रधानमंत्री पर झूठ बोलने की आदत का आरोप लगाया। इस दौरान कार्यक्रम में हंगामे की स्थिति बन गई और कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता उक्त व्यक्ति के साथ मारपीट करते दिखाई दिए। घटना के बाद बीजेपी और कांग्रेस के बीच बयानबाजी तेज हो गई है।