Himachal Sirmaur

कालाअंब की बदहाली पर BJP का हल्लाबोल, बिंदल की अगुवाई में निकली जन आक्रोश रैली

सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में बदहाल सड़कों और मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर भाजपा ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की अगुवाई में त्रिलोकपुर रोड पर जन आक्रोश रैली निकाली गई। टोल बैरियर से पेट्रोल पंप तक निकली रैली में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रैली को संबोधित करते हुए बिंदल ने त्रिलोकपुर सड़क की खस्ताहालत, जलभराव और जगह-जगह फैले कूड़े के ढेर का मुद्दा उठाया।

उन्होंने कालाअंब-सकेती सड़क, मोगीनंद-सकेती पुल और रामपुर जट्टान को एनएच-07 से जोड़ने वाले मार्ग की बदहाली पर भी सरकार को घेरा। साथ ही कालाअंब उपतहसील कार्यालय और पांच पटवार सर्किल बंद होने, सड़कों पर टिपर-ट्रकों की अवैध पार्किंग तथा स्वास्थ्य उपकेंद्र और पीएचसी बंद होने का मुद्दा उठाया। बिंदल ने सुक्खू सरकार और नाहन विधायक अजय सोलंकी पर कालाअंब की अनदेखी का आरोप लगाते हुए समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की। रैली में भाजपा पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।