National Uttar Pradesh

UP: सहारनपुर में मस्जिद पर चला बुलडोजर, इकरा हसन हाउस अरेस्ट; गरमाई सियासत

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद पर हुई बुलडोजर कार्रवाई के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है। प्रशासन की कार्रवाई के साथ ही इस मुद्दे ने सियासी रंग भी ले लिया है। शनिवार सुबह समाजवादी पार्टी की कैराना से सांसद इकरा हसन ने सहारनपुर जाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें उनके आवास पर ही हाउस अरेस्ट कर दिया।

प्रशासन के मुताबिक, कलेक्ट्रेट परिसर की जमीन पर बनी मस्जिद को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। सिटी मजिस्ट्रेट की अदालत ने सुनवाई के दौरान निर्माण को सरकारी जमीन पर अवैध माना था। मस्जिद कमेटी की ओर से इस फैसले के खिलाफ पहली अपील दाखिल की गई, लेकिन उसे भी खारिज कर दिया गया। इसके बाद मूल आदेश को बरकरार रखते हुए प्रशासन ने शनिवार सुबह ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।

कार्रवाई से पहले ही सहारनपुर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ पीएसी और आरआरएफ की कंपनियां तैनात की गईं। मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पुलिस ने गश्त बढ़ाने के साथ फ्लैग मार्च भी किया। मस्जिद पर बुलडोजर चलने के बाद विपक्षी नेताओं ने इस कार्रवाई को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। इकरा हसन से पहले कांग्रेस सांसद इमरान मसूद भी इस मुद्दे को उठा चुके हैं। ऐसे में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सियासत एक बार फिर गरमाती नजर आ रही है।

वहीं प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई से पहले सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की गईं। नोटिस, सुनवाई और अपील की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही ध्वस्तीकरण किया गया। फिलहाल कलेक्ट्रेट परिसर और आसपास के इलाकों में भारी सुरक्षा बल तैनात है। जिला मुख्यालय की ओर जाने वाले रास्तों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।