National

विमल इलायची विज्ञापन पर महाराष्ट्र FDA सख्त, शाहरुख-अजय-टाइगर को नोटिस

महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने विमल इलायची के विज्ञापन को लेकर बॉलीवुड सितारों शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। FDA ने तीनों कलाकारों को कारण बताओ नोटिस और अंतिम चेतावनी जारी की है। विभाग का कहना है कि विज्ञापन पहली नजर में प्रतिबंधित पान मसाला और तंबाकू उत्पादों के संभावित सरोगेट प्रमोशन का मामला प्रतीत होता है।

महाराष्ट्र FDA कमिश्नर तुकाराम मुंडे ने कहा कि विज्ञापन तैयार करने, प्रकाशित करने, प्रचारित करने या प्रायोजित करने वाली पूरी चेन जवाबदेह होगी। उनके मुताबिक, भ्रामक दावों और सरोगेट विज्ञापनों पर कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं मानक नियमों के तहत की जा रही है। ये नियम 2018 में बनाए गए थे और 1 जुलाई 2019 से लागू हैं।

मुंडे ने बताया कि महाराष्ट्र में प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री के मामलों में FIR दर्ज करने से लेकर सप्लाई नेटवर्क और कंपनियों से जुड़े लोगों की जांच तक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि FDA के शिकायत पोर्टल पर एक महीने में 9,000 से अधिक शिकायतें मिलीं, जिनमें 8,000 से ज्यादा का निपटारा किया जा चुका है। FDA अब अन्य खाद्य उत्पादों, कृत्रिम रंगों और एडिटिव्स के नियमों के उल्लंघन पर भी सख्त कार्रवाई की तैयारी में है।