नई दिल्ली में लघु उद्योग भारती (LUB) द्वारा ‘LUB Pharma Conclave 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। इस एक दिवसीय सम्मेलन का उद्देश्य ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए फार्मा क्षेत्र के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSMEs) के भविष्य, चुनौतियों और संभावनाओं पर व्यापक चर्चा करना है। यह कॉन्क्लेव 25 जुलाई 2026 (शनिवार) को नई दिल्ली स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर, लोधी रोड में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक चलेगा। प्रतिभागियों के लिए प्रवेश गेट नंबर 3 से होगा।
सम्मेलन में फार्मा MSME क्षेत्र के विकास, नियामकीय सुधारों, निर्यात बढ़ाने की संभावनाओं, सरकारी योजनाओं और उद्योग के सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य फार्मा उद्योग से जुड़े उद्यमियों, नीति निर्माताओं, नियामकों और विशेषज्ञों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है, जहां उद्योग जगत से जुड़े विशेषज्ञ मौजूदा चुनौतियों पर मंथन करने के साथ भविष्य के विकास की रणनीतियों पर विचार-विमर्श कर सकें।
इस आयोजन में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा और केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, औषधि विभाग के प्रतिनिधि, भारत के औषधि नियंत्रक जनरल (DCGI), स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और फार्मा उद्योग के विशेषज्ञ भी सम्मेलन में भाग लेंगे।
कॉन्क्लेव में फार्मा MSMEs के लिए भविष्य का रोडमैप तैयार करने, घरेलू बाजार को मजबूत करने, वैश्विक निर्यात के अवसरों को बढ़ाने और ‘विकसित भारत 2047’ के लिए रणनीतिक दिशा तय करने पर विशेष जोर रहेगा। लघु उद्योग भारती का यह आयोजन भारतीय फार्मा MSME सेक्टर को नई संभावनाओं से जोड़ने और भारत को वैश्विक दवा निर्माण केंद्र के रूप में और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। सम्मेलन में उद्योग जगत और सरकार के बीच बेहतर समन्वय, नीति सुधारों और नवाचार को बढ़ावा देने पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।


