Gujrat

गुजरात ATS का बड़ा ऑपरेशन, जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े 5 संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार

आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुजरात ATS ने जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक संदिग्ध आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिन पर गुजरात समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में आतंकी हमलों की साजिश रचने का आरोप है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपी पिछले करीब 6 महीनों से लगातार संपर्क में थे और गुप्त रूप से अपनी गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने गुजरात के सुनसान इलाकों में विस्फोटक तैयार कर उनके ट्रायल भी किए थे। इसके बाद वे बड़े स्तर पर आतंकी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। हालांकि, किसी भी घटना से पहले ही ATS ने उन्हें गिरफ्तार कर उनकी साजिश को विफल कर दिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बिलाल आबिद शेरा, मोहम्मद अयूब काडीवाल उर्फ मोहम्मद खड़ियासन, मोहम्मद शफी मुखी उर्फ शफी चापी, मोहम्मद हसन क राडिया उर्फ हसन हैदरपुरी और मोहम्मद अयूब सुमासरा उर्फ मोहम्मद खली के रूप में हुई है। सभी को पाटन जिले की सिद्धपुर तहसील के खड़ियाल गांव से हिरासत में लिया गया। जांच में यह भी सामने आया है कि इनका संबंध इसी महीने पहले गिरफ्तार किए गए आठ अन्य संदिग्धों से भी था, जिनसे पूछताछ के दौरान इन पांचों के नाम सामने आए थे।

गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को मेहसाणा जिले की अदालत में पेश किया गया। न्यायिक मजिस्ट्रेट आर. एम. भाटिया ने उन्हें पूछताछ के लिए 24 जुलाई तक ATS रिमांड पर भेज दिया है। अभियोजन पक्ष का कहना है कि मामले में अभी कई अहम सबूत जुटाए जाने बाकी हैं और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है। जांच एजेंसियों का मानना है कि जैश-ए-मोहम्मद लंबे समय से गुजरात में अपने स्लीपर सेल सक्रिय करने की कोशिश कर रहा था। इसी वजह से पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित आतंकी साजिश को समय रहते नाकाम किया जा सके।