दिल्ली-एनसीआर में रविवार को हुई हल्की से मध्यम बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत दी। सुबह से बदले मौसम और तेज हवाओं के कारण राजधानी का तापमान गिरा और वातावरण सुहावना हो गया। हालांकि, खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी देखने को मिला। तेज बारिश और तेज हवा के चलते दिल्ली एयरपोर्ट से संचालित 15 उड़ानों को जयपुर और लखनऊ की ओर डायवर्ट करना पड़ा।
एयरपोर्ट से जुड़े सूत्रों के अनुसार, डायवर्ट की गई उड़ानों में 10 घरेलू और 5 अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स शामिल हैं। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण यात्रियों को कुछ समय तक असुविधा का सामना करना पड़ा, जबकि कई उड़ानों के संचालन पर भी असर देखा गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, रविवार दोपहर तक नई दिल्ली का तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर अपेक्षाकृत अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई। न्यूनतम तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। पालम क्षेत्र में हवा की रफ्तार 37 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंची।
मौसम विभाग ने बताया है कि अगले 24 घंटों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। साथ ही राजधानी में हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने का अनुमान है। आईएमडी ने यह भी कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के शेष हिस्सों में अगले कुछ दिनों के भीतर आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। वहीं हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


