महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक मामले में पुलिस और सरकार ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पेपर लीक की पुष्टि होने के बाद 28 जून को आयोजित होने वाली TET परीक्षा रद्द कर दी गई, जिससे लाखों अभ्यर्थियों को निराशा का सामना करना पड़ा। इस बीच, गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को अदालत ने 8 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है ताकि मामले की गहन जांच की जा सके।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ठाणे के संयुक्त पुलिस आयुक्त पंजाबराव उगले की अध्यक्षता में विशेष जांच दल (SIT) गठित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्कूल शिक्षा मंत्री दादा भुसे और पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते को दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
भिवंडी पुलिस की जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों के पास TET परीक्षा के चार अलग-अलग प्रश्नपत्र सेट बरामद हुए हैं। प्रारंभिक जांच के अनुसार इन प्रश्नपत्रों की करीब डेढ़ करोड़ रुपये में बिक्री की डील तय हुई थी, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को संदेह है कि इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड अभी भी फरार है और दो अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
जांच एजेंसियों को आशंका है कि पेपर लीक के पीछे अंतरराज्यीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय संगठित गिरोह का हाथ हो सकता है। इसी पहलू को ध्यान में रखते हुए SIT पूरे नेटवर्क की जांच करेगी।गौरतलब है कि 28 जून को होने वाली TET परीक्षा में लगभग 4.28 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद थी। परीक्षा रद्द होने से उम्मीदवारों में भारी नाराजगी है। वहीं, महाराष्ट्र राज्य शिक्षक संघ ने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने और एक महीने के भीतर दोबारा परीक्षा आयोजित करने की मांग की है।


