Crime Maharashtra National

पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड में खुलासा, प्रेम संबंध और साजिश की परतें खुलीं

पुणे के चर्चित रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में रोज नए तथ्य सामने आ रहे हैं। पुलिस हिरासत में आरोपी सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी से पूछताछ में पता चला है कि यह हत्या अचानक नहीं, बल्कि कई दिनों से रची गई एक सुनियोजित साजिश थी।

जांच में सामने आया है कि सिया ने अपने और चेतन के बीच प्रेम संबंध की जानकारी केतन को पहले ही दे दी थी और शादी से इनकार भी किया था, लेकिन केतन शादी तोड़ने को तैयार नहीं था। पुलिस के अनुसार, सिया इस पूरी योजना की कथित मास्टरमाइंड थी और उसने ही चेतन को हत्या के लिए उकसाया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 18 जून को लोहगढ़ किले पर हत्या की योजना को अंजाम दिया गया। तय संकेत के अनुसार, सिया ने झुकने का इशारा किया और उसी समय चेतन ने केतन को खाई में धक्का दे दिया। इससे पहले 14 जून को भी हत्या की कोशिश की गई थी, लेकिन केतन ने पेड़ पकड़कर अपनी जान बचा ली थी।

जांच में यह भी सामने आया है कि 31 मई को ही ‘डेथ प्वाइंट’ चिन्हित कर लिया गया था और तीन अलग-अलग योजनाएं बनाई गई थीं। यदि पहला और दूसरा प्रयास असफल रहता, तो तीसरे तरीके से सड़क दुर्घटना दिखाकर हत्या की योजना थी।

पुलिस ने यह भी बताया कि दोनों आरोपी नशे के आदी थे और वारदात के दिन चेतन ने मोबाइल फोन दुकान पर छोड़ दिया था ताकि लोकेशन ट्रेस न हो सके। परिवार ने आरोप लगाया है कि सिया का व्यवहार पहले से संदिग्ध था। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और पूरे षड्यंत्र की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।