Haryana National Punjab

सीएम भगवंत मान वीडियो विवाद में नया मोड़, गुरुग्राम में दो गिरफ्तार, फर्जी रिपोर्ट का आरोप

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से जुड़े कथित विवादित वीडियो मामले में नया खुलासा हुआ है। हरियाणा के गुरुग्राम पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन पर डिजिटल सबूतों के साथ छेड़छाड़ करने और फर्जी फोरेंसिक रिपोर्ट तैयार कराने की साजिश रचने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने वीडियो को क्लीन चिट दिलाने के लिए एक डिजिटल फोरेंसिक विशेषज्ञ को करीब 10 लाख रुपये की रिश्वत देने की कोशिश की थी।

यह मामला गुरुग्राम के सेक्टर-29 थाने में दर्ज एफआईआर के बाद सामने आया, जिसमें अंकित और अरुण नाम के दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि एक फर्जी साइबर और फोरेंसिक रिपोर्ट तैयार करने की योजना बनाई जा रही थी, ताकि वीडियो को गलत साबित किया जा सके। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है और अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, वित्तीय लेन-देन और लैब की वैधता की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि डिजिटल सबूतों से छेड़छाड़ या न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश पर सख्त कार्रवाई होगी।

इस बीच राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। अकाली दल के नेता बिक्रमजीत सिंह मजीठिया ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि इस फर्जी रिपोर्ट में कुछ लोगों की संलिप्तता हो सकती है और उन्होंने संबंधित चैट्स भी साझा की हैं। वहीं, अकाल तख्त ने भी मामले पर टिप्पणी करते हुए कहा कि साजिश में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उन्हें सख्त सजा दी जानी चाहिए। फिलहाल पुलिस जांच जारी है और मामले से जुड़े कई पहलुओं पर काम चल रहा है।