Business

इतिहास रचते हुए एलन मस्क बने दुनिया के पहले ट्रिलेनियर, संपत्ति 1 ट्रिलियन डॉलर के पार

दुनिया के सबसे चर्चित उद्योगपति एलन मस्क ने वैश्विक कारोबारी इतिहास में एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। SpaceX के बहुप्रतीक्षित IPO के बाद उनकी कुल संपत्ति 1 ट्रिलियन डॉलर (लगभग 1.1 ट्रिलियन डॉलर) से अधिक पहुंच गई है। इसके साथ ही मस्क दुनिया के पहले ऐसे व्यक्ति बन गए हैं, जिनकी निजी संपत्ति ट्रिलियन डॉलर के आंकड़े को पार कर गई है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, SpaceX ने अपने सार्वजनिक निर्गम (IPO) के जरिए करीब 75 अरब डॉलर जुटाए हैं। इस ऐतिहासिक लिस्टिंग के बाद कंपनी के बाजार मूल्य में जबरदस्त उछाल देखने को मिला, जिससे मस्क की नेटवर्थ में भी भारी वृद्धि हुई। IPO से पहले उनकी अनुमानित संपत्ति लगभग 780 अरब डॉलर बताई जा रही थी।

मस्क की संपत्ति अब दुनिया के अधिकांश देशों की अर्थव्यवस्था से भी बड़ी हो चुकी है। वैश्विक आंकड़ों के मुताबिक, केवल 21 देशों की GDP ही 1 ट्रिलियन डॉलर से अधिक है। ऐसे में उनकी व्यक्तिगत संपत्ति दुनिया की 22वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के बराबर मानी जा रही है।

एलन मस्क की कुल संपत्ति का सबसे बड़ा हिस्सा SpaceX में उनकी हिस्सेदारी से आता है, जिसकी अनुमानित कीमत 866 अरब डॉलर के करीब बताई जा रही है। इसके अलावा वे Tesla, X (पूर्व में ट्विटर), Neuralink और The Boring Company जैसी कंपनियों में भी प्रमुख हिस्सेदारी रखते हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि निवेशकों का भरोसा केवल कंपनियों पर नहीं, बल्कि मस्क की दूरदर्शी सोच और नेतृत्व क्षमता पर भी टिका है। इसी कारण बाजार में उनकी कंपनियों को मिलने वाले अतिरिक्त मूल्यांकन को अक्सर “एलन प्रीमियम” कहा जाता है। हालांकि, कुछ आलोचक इसे आर्थिक शक्ति के अत्यधिक केंद्रीकरण के रूप में भी देखते हैं। एलन मस्क की यह उपलब्धि आधुनिक कारोबारी दुनिया में एक नए युग की शुरुआत मानी जा रही है।