Delhi

दिल्ली की सड़कों को मिलेगा स्मार्ट और डस्ट-फ्री रूप, PWD-CRRI-SPA के बीच बड़ा MoU

दिल्ली सरकार ने राजधानी की सड़क व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। इसी उद्देश्य से लोक निर्माण विभाग (PWD), केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान (CSIR-CRRI) और स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (SPA) के बीच एक त्रिपक्षीय समझौता (MoU) किया गया है। इस पहल का लक्ष्य दिल्ली की सड़कों को स्मार्ट, टिकाऊ और धूल-मुक्त बनाना है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में शुरू की गई इस परियोजना के तहत सड़क निर्माण और रखरखाव के लिए वैज्ञानिक एवं तकनीक-आधारित प्रणाली विकसित की जाएगी। समझौते के अनुसार राजधानी में पहली बार व्यापक रोड एसेट मैनेजमेंट सिस्टम (RAMS) लागू होगा, जिससे सड़कों की स्थिति, यातायात भार, मरम्मत की जरूरत और उनकी उपयोग अवधि का सटीक आकलन किया जा सकेगा। इसके साथ ही सड़कों का डिजिटल रिकॉर्ड भी तैयार किया जाएगा।

योजना के तहत सड़कों के किनारे हरित पट्टियों का विकास, स्थानीय पौधों का रोपण, वर्षा जल संचयन और बेहतर जल निकासी व्यवस्था को बढ़ावा दिया जाएगा। इसका उद्देश्य धूल प्रदूषण को कम करना और शहरी वातावरण को अधिक स्वच्छ एवं हरित बनाना है।

मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए सड़कों के ढलान और स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम को भी वैज्ञानिक तरीके से पुनर्गठित किया जाएगा। वहीं, सड़क सुरक्षा, पेवमेंट तकनीक और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रबंधन में CSIR-CRRI तकनीकी सहयोग देगा, जबकि SPA शहरी डिजाइन और ग्रीन इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े पहलुओं पर मार्गदर्शन प्रदान करेगा। सरकार का मानना है कि यह साझेदारी दिल्ली को आधुनिक, जलवायु-अनुकूल और नागरिक-केंद्रित सड़क अवसंरचना के क्षेत्र में देश के लिए एक आदर्श मॉडल बनाने में मदद करेगी।