Haryana

हरियाणा में स्वास्थ्य परियोजनाओं के शुभारंभ कार्यक्रम में मंत्री के भाषण के दौरान बिजली गुल

हरियाणा में 100 करोड़ रुपये की स्वास्थ्य परियोजनाओं के शिलान्यास और शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान हिसार सिविल अस्पताल में उस वक्त अव्यवस्था देखने को मिली जब कार्यक्रम के बीच कई बार बिजली चली गई। मुख्यमंत्री नायब सैनी वर्चुअली पंचकुला से जुड़े थे, जबकि हिसार में मंत्री रणबीर गंगवा मौजूद थे। इसी दौरान मंत्री के भाषण के बीच अचानक बिजली गुल हो गई, जिससे मंच पर मौजूद अधिकारी और जनप्रतिनिधि असहज हो गए।

इससे पहले सीएमओ हिसार सपना गहलावत के संबोधन के दौरान भी करीब ढाई मिनट तक बिजली बाधित रही, जिसके चलते उन्होंने मोबाइल की फ्लैशलाइट की मदद से अपना भाषण पूरा किया। बाद में मंत्री के संबोधन के दौरान भी कुछ सेकंड के लिए बिजली गुल हुई, हालांकि जल्द ही सप्लाई बहाल हो गई। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार्यक्रम में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया।

कार्यक्रम में ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार क्लीनिक’, तीन नए हेल्थ सब सेंटर और अमृत फार्मेसी व मिल्क पार्लर जैसी परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया। इन सुविधाओं का उद्देश्य मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, सस्ती दवाइयां और 24×7 मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराना है। हालांकि बिजली की बार-बार हुई कटौती ने प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए, जबकि बिजली विभाग ने इसे अस्पताल के अंदर हुए तकनीकी फॉल्ट का नतीजा बताया है।