National

भीषण गर्मी पर PM मोदी की अपील: “सावधानी और संवेदनशीलता दोनों जरूरी”

देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी और तेज लू ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। कई राज्यों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से सतर्क रहने और एक-दूसरे की मदद करने की अपील की है।

प्रधानमंत्री ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर संदेश जारी करते हुए कहा कि लगातार बढ़ती गर्मी लोगों के दैनिक जीवन को कठिन बना रही है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखें और जितना संभव हो, सावधानी बरतें। पीएम मोदी ने कहा कि घर से बाहर निकलते समय पानी जरूर साथ रखें और शरीर को हाइड्रेटेड बनाए रखें।

उन्होंने लोगों से जरूरतमंदों की मदद करने की भी अपील की। प्रधानमंत्री ने कहा कि यदि संभव हो तो प्यासे लोगों को पानी पिलाएं और घरों व दुकानों के बाहर मिट्टी के घड़ों या पानी की व्यवस्था करें, ताकि राहगीरों को राहत मिल सके। उन्होंने ऐसे लोगों की सराहना भी की जो इस भीषण गर्मी में समाजसेवा का काम कर रहे हैं।

इसके साथ ही पीएम मोदी ने बुजुर्गों और परिवार के सदस्यों का हालचाल लेने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि माता-पिता, दादा-दादी और अन्य प्रियजनों को पर्याप्त पानी पीने और दोपहर की तेज धूप से बचने के लिए प्रेरित करें।

प्रधानमंत्री ने पशु-पक्षियों के प्रति भी संवेदनशीलता दिखाने की अपील करते हुए कहा कि घरों, बालकनी और छतों पर पानी से भरे बर्तन रखने चाहिए, ताकि गर्मी में उन्हें राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में करुणा और सहयोग की भावना सबसे बड़ी ताकत है।