भोपाल की बहुचर्चित एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। AIIMS भोपाल में दिल्ली से आई विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा किए गए दूसरे हाई-लेवल पोस्टमार्टम के बाद अब उनके अंतिम संस्कार का निर्णय ले लिया गया है। परिवार ने स्पष्ट किया है कि अंतिम संस्कार भोपाल में ही किया जाएगा।
ट्विशा शर्मा के भाई हर्षित शर्मा ने जानकारी दी कि सभी परिजनों की सहमति के बाद तय हुआ है कि अंतिम यात्रा आज शाम 5 बजे भोपाल के भदभदा श्मशान घाट पर संपन्न होगी। पोस्टमार्टम की कानूनी और वैज्ञानिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद शव को परिवार को सौंप दिया गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी गई।
इससे पहले दिनभर AIIMS भोपाल की मॉर्चुरी में दूसरे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चली। दिल्ली AIIMS से आए फॉरेंसिक विशेषज्ञों की पांच सदस्यीय टीम, जिसकी अगुवाई बोर्ड के चेयरमैन कर रहे थे, ने पूरे मामले की बारीकी से जांच की। इस दौरान पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई ताकि हर तथ्य रिकॉर्ड में सुरक्षित रहे।
मामले की जांच कर रही SIT टीम भी अस्पताल परिसर में मौजूद रही और पूरी प्रक्रिया पर नजर बनाए रखी। यह दूसरा पोस्टमार्टम कोर्ट के निर्देशों के बाद कराया गया, क्योंकि पहले पोस्टमार्टम की रिपोर्ट पर परिवार ने सवाल उठाए थे।
परिवार का कहना है कि उन्हें उम्मीद है कि इस हाई-लेवल जांच से मामले में नए और स्पष्ट तथ्य सामने आएंगे। सुप्रीम कोर्ट द्वारा मामले में स्वतः संज्ञान लिए जाने के बाद परिजन न्याय को लेकर आशान्वित हैं। इसी बीच पुलिस आरोपी पति समर्थ सिंह से रिमांड के दौरान लगातार पूछताछ कर रही है। परिवार का कहना है कि यह संघर्ष केवल उनकी बेटी के लिए नहीं, बल्कि समाज की हर बेटी को न्याय दिलाने की लड़ाई है।









