Delhi

इबोला वायरस को लेकर दिल्ली एयरपोर्ट अलर्ट पर, अफ्रीकी देशों से आने वाले यात्रियों की होगी सख्त जांच

दुनिया भर में तेजी से फैल रहे इबोला वायरस को लेकर भारत में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। अफ्रीका के कई देशों में संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। खासतौर पर साउथ सूडान और युगांडा जैसे देशों से आने वाले यात्रियों की एयरपोर्ट पर कड़ी जांच की जा रही है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इबोला वायरस को गंभीर वैश्विक स्वास्थ्य आपात स्थिति माना है। हालांकि भारत में अभी तक इस वायरस का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन संभावित खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और एयरपोर्ट प्रशासन पूरी तरह सतर्क हैं।

दिल्ली एयरपोर्ट पर विदेश से आने वाले यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही मेडिकल टीम संदिग्ध यात्रियों की निगरानी भी कर रही है। एयरपोर्ट पर जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को इस वायरस के लक्षण और बचाव के बारे में जानकारी दी जा रही है।

विशेषज्ञों के अनुसार, इबोला के शुरुआती लक्षण काफी हद तक कोरोना वायरस या सामान्य फ्लू जैसे दिखाई देते हैं। संक्रमित व्यक्ति को तेज बुखार, कमजोरी, सिरदर्द, उल्टी और शरीर में दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं। यही वजह है कि शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करने की सलाह दी जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित देशों से लौटने वाले यात्रियों से अपील की है कि वे 21 दिनों तक अपनी सेहत पर विशेष नजर रखें। यदि इस दौरान कोई भी लक्षण दिखाई दे, तो तुरंत डॉक्टर या स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करें। अधिकारियों का कहना है कि समय रहते पहचान और इलाज से संक्रमण को फैलने से रोका जा सकता है।