National

दिल्ली एयरपोर्ट पर इबोला अलर्ट, यात्रियों की स्क्रीनिंग और निगरानी बढ़ाई गई

दिल्ली हवाई अड्डे पर इबोला वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और डीजीएचएस ने एडवाइजरी जारी कर यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासतौर पर डीआर कांगो, युगांडा और दक्षिण सूडान जैसे हाई रिस्क देशों से आने वाले या वहां की यात्रा कर चुके लोगों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। एयरपोर्ट पर हेल्थ स्क्रीनिंग को सख्त किया गया है ताकि किसी भी संभावित संक्रमण को समय रहते रोका जा सके।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि भारत में अब तक इबोला का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन एहतियात के तौर पर निगरानी बढ़ाई गई है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यदि उन्हें बुखार, सिरदर्द, कमजोरी, मांसपेशियों में दर्द, उल्टी, दस्त, गले में खराश या शरीर से रक्तस्राव जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत मेडिकल सहायता लें। साथ ही अपनी हालिया ट्रैवल हिस्ट्री की जानकारी स्वास्थ्य अधिकारियों को जरूर दें।

स्वास्थ्य विभाग ने यह भी कहा है कि संक्रमित व्यक्ति या उसके शरीर के तरल पदार्थों के संपर्क में आने वाले यात्री एयरपोर्ट हेल्थ डेस्क को तुरंत सूचित करें। विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा इबोला को पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी घोषित किए जाने के बाद भारत ने एयरपोर्ट और अन्य प्रवेश बिंदुओं पर निगरानी और जांच को और कड़ा कर दिया है। इबोला एक गंभीर और जानलेवा वायरस है, जो संक्रमित जानवरों और इंसानों के सीधे संपर्क से फैलता है। इससे बचाव के लिए साफ-सफाई, मास्क और ग्लव्स का इस्तेमाल, हाथ धोना और संक्रमित लोगों से दूरी बनाए रखना बेहद जरूरी है।