Delhi

पीएम मोदी की अपील के बाद दिल्ली मेट्रो ने बढ़ाई सेवाएँ, हर सोमवार चलेंगी 6 अतिरिक्त मेट्रो ट्रेनें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की अपील और बढ़ती यात्री मांग को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने बड़ा फैसला लिया है। 18 मई से हर सोमवार को मेट्रो की 6 अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी, जिससे कुल 24 अतिरिक्त ट्रिप्स जोड़े जाएंगे। जरूरत पड़ने पर अन्य दिनों में भी अतिरिक्त सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं।

दिल्ली मेट्रो में रोजाना लगभग 65 लाख यात्री सफर करते हैं, ऐसे में यह कदम भीड़ कम करने और यात्रियों की सुविधा बढ़ाने में मदद करेगा। सुबह और शाम के पीक आवर्स में स्टेशनों पर भारी भीड़ देखी जाती है, जिसे नियंत्रित करने के लिए यह व्यवस्था की जा रही है।

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी DMRC ने विशेष कदम उठाए हैं। प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही अतिरिक्त टिकट काउंटर, बैगेज स्कैनर, DFMD मशीनें और भीड़ प्रबंधन के नए उपाय भी लागू किए जाएंगे ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा मिल सके।

दिल्ली मेट्रो को राजधानी की लाइफलाइन माना जाता है, जो रेलवे स्टेशन, ISBT, एयरपोर्ट, नोएडा, गुरुग्राम और RRTS नेटवर्क से जुड़ी हुई है। इससे यात्रियों को मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी की सुविधा मिलती है। करीब 160 स्टेशनों पर ई-रिक्शा, ई-ऑटो, बाइक टैक्सी और साइकिल जैसी लास्ट माइल कनेक्टिविटी भी उपलब्ध है।

इसके अलावा डिजिटल टिकटिंग सिस्टम को भी मजबूत किया गया है, जिसमें QR टिकट, NCMC कार्ड, WhatsApp टिकटिंग और पेटीएम, फोनपे, अमेजन व IRCTC इंटीग्रेशन जैसी सुविधाएं शामिल हैं। DMRC का कहना है कि वह पर्यावरण-अनुकूल, सुरक्षित और आधुनिक शहरी परिवहन प्रणाली को लगातार बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।