आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने राज्य में घटती जन्म दर को देखते हुए एक नई आर्थिक प्रोत्साहन योजना की घोषणा की है। शनिवार को श्रीकाकुलम जिले के नरसन्नापेटा में आयोजित जनसभा के दौरान उन्होंने कहा कि सरकार अब परिवारों को अधिक बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
नई योजना के तहत तीसरे बच्चे के जन्म पर परिवार को 30,000 रुपये और चौथे बच्चे के जन्म पर 40,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना का विस्तृत प्रारूप जल्द ही तैयार कर जनता के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कदम राज्य में लगातार घटती जनसंख्या वृद्धि दर को संतुलित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
मुख्यमंत्री नायडू ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि बदलते सामाजिक और आर्थिक हालात में कई परिवार एक या अधिकतम दो बच्चों तक ही सीमित रह रहे हैं। इसके अलावा कुछ परिवार लिंग प्राथमिकता को भी जन्म दर पर असर डालने वाला कारण मान रहे हैं। उन्होंने चिंता जताई कि यदि यह प्रवृत्ति जारी रही तो आने वाले वर्षों में राज्य की जनसंख्या संरचना पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
उन्होंने बताया कि इससे पहले भी सरकार दूसरे बच्चे के जन्म पर 25,000 रुपये की सहायता देने पर विचार कर चुकी है। नायडू ने कहा कि समाज को संतुलित जनसंख्या संरचना बनाए रखने के लिए कुल प्रजनन दर को लगभग 2.1 के स्तर पर बनाए रखना आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य जनसंख्या को नियंत्रित करने के बजाय उसे स्थिर और संतुलित रखना है, ताकि भविष्य में सामाजिक और आर्थिक विकास पर इसका सकारात्मक प्रभाव पड़े।









