National

त्रिवेंद्रम-दिल्ली राजधानी के AC कोच में लगी भीषण आग, 68 लोग बचाए गए

मध्य प्रदेश के रतलाम के पास रविवार सुबह त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के दो कोचों में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना लूणी और विक्रमगढ़ स्टेशन के बीच सुबह करीब 5:15 बजे हुई। आग सबसे पहले बी-1 कोच में लगी, जिसके बाद कुछ ही मिनटों में लपटों ने थर्ड एसी और एसएलआर कोच को अपनी चपेट में ले लिया। दूर तक उठती आग की लपटों से आसपास के इलाके में भी हड़कंप मच गया।

घटना की जानकारी मिलते ही गार्ड ने तुरंत लोको पायलट को सूचित किया और ट्रेन को रोका गया। ट्रेन में मौजूद आरपीएफ जवानों और रेलवे स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। बी-1 कोच में सवार 68 यात्रियों को करीब 15 मिनट के भीतर बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

आग लगने के बाद रेलवे ने एहतियातन ओएचई बिजली सप्लाई बंद कर दी, जिससे दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर कुछ समय के लिए ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा। सूचना मिलते ही कोटा रेल मंडल से राहत एवं बचाव दल, दमकल विभाग और वरिष्ठ रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। रेलवे ने मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। प्रभावित यात्रियों के लिए भोजन और आगे की यात्रा की वैकल्पिक व्यवस्था भी की गई है।