समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का निधन हो गया। वह 38 वर्ष के थे। जानकारी के अनुसार, उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल उनकी मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, कुछ दिन पहले भी प्रतीक यादव की तबीयत खराब हुई थी, जिसके बाद उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार होने पर उन्हें घर वापस लाया गया था। अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव और सांसद डिंपल यादव भी उनसे मिलने पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह घर के किचन में प्रतीक यादव अचेत अवस्था में मिले थे। इसके बाद परिवार के लोगों ने तुरंत अस्पताल से संपर्क किया। मामले की जानकारी मिलने के बाद लखनऊ पुलिस भी जांच में जुट गई है। पुलिस ने उनका मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया है और घर के हालात की जांच कर रही है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रतीक यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसे बेहद दुखद बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रतीक यादव राजनीतिक परिवार से जुड़े होने के बावजूद सक्रिय राजनीति से दूर रहते थे। वह फिटनेस को लेकर काफी सजग थे और सोशल मीडिया पर अक्सर अपने वर्कआउट और फिटनेस से जुड़े पोस्ट साझा करते थे। साल 2012 में उनकी शादी अपर्णा यादव से हुई थी, जिसे प्रदेश की चर्चित शादियों में गिना जाता है।









