बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्म 3 इडियट्स के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। आमिर खान ने खुद फिल्म के सीक्वल ‘3 इडियट्स 2’ की पुष्टि कर दी है। उन्होंने बताया कि निर्देशक राजकुमार हिरानी इस प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं और उन्होंने इसकी कहानी भी सुन ली है, जो उन्हें काफी पसंद आई है। आमिर के अनुसार, फिल्म में पहले जैसी ही ह्यूमर और इमोशन का तड़का होगा, लेकिन इसके साथ एक नया और अनोखा एंगल भी देखने को मिलेगा। सीक्वल में एक बार फिर आमिर खान, आर माधवन और शरमन जोशी की तिकड़ी बड़े पर्दे पर साथ नजर आएगी।
फिल्म की कहानी 10 साल आगे बढ़ेगी, जिसमें वही पुराने किरदार नई जिंदगी के दौर में दिखाई देंगे। आमिर खान ने यह भी कहा कि वह एक बार फिर ‘फुंसुक वांगडू’ के किरदार में ढलने के लिए उत्साहित हैं। गौरतलब है कि साल 2009 में रिलीज हुई ‘3 इडियट्स’ ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की थी और आज भी यह दर्शकों की पसंदीदा फिल्मों में शामिल है। वहीं, आमिर खान ने यह भी खुलासा किया कि दादासाहेब फाल्के की बायोपिक फिलहाल ठंडे बस्ते में डाल दी गई है, क्योंकि स्क्रिप्ट से टीम पूरी तरह संतुष्ट नहीं है।








