Entertainment National

स्वरा भास्कर का पुराना वीडियो वायरल, अयोध्या फैसले पर बयान को लेकर सोशल मीडिया पर बहस

अभिनेत्री स्वरा भास्कर एक बार फिर अपने पुराने बयान को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह साल 2019 में अयोध्या के राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद विवाद पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर अपनी प्रतिक्रिया देती नजर आ रही हैं। यह वीडियो ‘द मिडनाइट आवर’ पॉडकास्ट का बताया जा रहा है। वीडियो में स्वरा कहती हैं कि 9 नवंबर 2019 को आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले से वह काफी निराश और दुखी थीं। उनके मुताबिक, फैसला आने के बाद उन्होंने अपने मुस्लिम दोस्तों को संदेश भेजकर अपनी भावनाएं साझा की थीं। उन्होंने कहा कि उन्होंने सलमान खान, शाहरुख खान, आमिर खान और फहाद अहमद समेत अपने परिचित मुस्लिम दोस्तों से माफी मांगी थी। स्वरा ने यह भी कहा था कि एक हिंदू होने के नाते उन्हें इस फैसले को लेकर शर्मिंदगी महसूस हुई और वह इससे सहमत नहीं थीं।

स्वरा का यह पुराना बयान दोबारा सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ यूजर्स उनके बयान की आलोचना कर रहे हैं, जबकि उनके समर्थकों का कहना है कि किसी भी नागरिक को अदालत के फैसले पर अपनी व्यक्तिगत राय और असहमति व्यक्त करने का अधिकार है। गौरतलब है कि 2019 में फैसला आने के समय भी स्वरा ने इस पर सार्वजनिक रूप से प्रतिक्रिया दी थी। उनके बयान के बाद एक वकील ने उनके खिलाफ अवमानना की कार्रवाई की मांग की थी, हालांकि तत्कालीन अटॉर्नी जनरल ने उस मांग से सहमति नहीं जताई थी।

क्या था सुप्रीम कोर्ट का फैसला?

9 नवंबर 2019 को पांच जजों की संविधान पीठ ने सर्वसम्मति से विवादित 2.77 एकड़ जमीन राम मंदिर निर्माण के लिए सौंपने का फैसला सुनाया था। साथ ही सुन्नी वक्फ बोर्ड को अयोध्या में मस्जिद के लिए पांच एकड़ वैकल्पिक जमीन देने का निर्देश दिया गया था। अदालत ने 1949 में मूर्तियां रखे जाने और 1992 में बाबरी मस्जिद गिराए जाने को कानून का उल्लंघन माना था।