टेक कंपनी Apple Inc. ने नेतृत्व में बड़े बदलाव की घोषणा की है। कंपनी के मौजूदा CEO टिम कुक जल्द ही अपने पद से हटेंगे और उनकी जगह जॉन टर्नस 1 सितंबर से कंपनी के नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) का पद संभालेंगे। हालांकि, टिम कुक कंपनी से पूरी तरह अलग नहीं होंगे और वे एक्जीक्यूटिव चेयरमैन के रूप में एप्पल से जुड़े रहेंगे।
कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने लंबे समय से चल रही योजना के बाद इस नेतृत्व परिवर्तन को मंजूरी दी है। तय कार्यक्रम के अनुसार, कुक गर्मियों तक CEO के रूप में कार्य करते रहेंगे, जबकि इस दौरान जॉन टर्नस उनके साथ काम करके जिम्मेदारियों को समझेंगे, ताकि बदलाव सुचारू रूप से हो सके। जॉन टर्नस वर्तमान में एप्पल में हार्डवेयर इंजीनियरिंग के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट हैं और कंपनी के कई प्रमुख उत्पादों के विकास में अहम भूमिका निभा चुके हैं। अब उन्हें कंपनी के शीर्ष नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।
वहीं, नई भूमिका में टिम कुक वैश्विक स्तर पर नीतिगत मामलों और कंपनी के रणनीतिक फैसलों में योगदान देते रहेंगे। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि एप्पल के साथ उनका अनुभव बेहद भावनात्मक और प्रेरणादायक रहा है, जहां उन्हें दुनियाभर के उपयोगकर्ताओं की कहानियां और फीडबैक लगातार प्रेरित करते रहे हैं। यह बदलाव एप्पल के लिए एक नए युग की शुरुआत माना जा रहा है, जिसमें कंपनी की जिम्मेदारी अब नई नेतृत्व टीम के हाथों में होगी।









