टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (Tata Consultancy Services) के नासिक यूनिट से जुड़े कथित जबरन धर्मांतरण और यौन उत्पीड़न मामले में नामजद आरोपी निदा खान अब भी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। पुलिस के अनुसार, वह पिछले एक सप्ताह से फरार है और उसकी लोकेशन को लेकर उसके पति के बयान लगातार बदल रहे हैं, जिससे जांच और जटिल हो गई है।
पुलिस ने हाल ही में उसके पति मोइन नवेद इकबाल खान से पूछताछ की। पहले उन्होंने बताया कि निदा 14 अप्रैल को घर से निकलकर एक रिश्तेदार के यहां रह रही है, लेकिन जब पुलिस वहां पहुंची तो मकान बंद मिला। बाद में उन्होंने कहा कि निदा की मौसी उसे नासिक लेकर गई थीं, जबकि अंत में उन्होंने उसकी सही लोकेशन से अनभिज्ञता जताई। बताया जा रहा है कि निदा को दो महीने पहले मुंबई के मालाड और हीरानंदानी ऑफिस में ट्रांसफर किया गया था। मामला सामने आने के बाद कंपनी ने उसे निलंबित कर दिया और उसकी सिस्टम एक्सेस भी रोक दी।
यह मामला तब सामने आया जब एक महिला कर्मचारी ने अपने सहकर्मी दानिश शेख पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया। जांच के दौरान कई अन्य महिलाओं ने भी मानसिक और यौन उत्पीड़न की शिकायतें दर्ज कराईं। आरोप है कि निदा खान ने धार्मिक टिप्पणी कर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। अब तक इस केस में सात लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं, निदा खान ने गर्भावस्था का हवाला देते हुए अग्रिम जमानत के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया है।









