National Politics

राहुल गांधी का भाजपा पर हमला, बोले- वोट चोरी के खिलाफ लड़ाई में देश देगा जवाब

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कथित वोट चोरी के मुद्दे पर भाजपा और उसके सहयोगी दलों पर निशाना साधा है। उन्होंने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित इंडी गठबंधन की महारैली को लेकर भाजपा की ओर से किए जा रहे प्रचार पर तंज कसा। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर लोगों से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मार्च में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों से लोगों के नाम हटाए जा रहे हैं और चुनावी नियमों का उल्लंघन हो रहा है। उन्होंने कहा कि वोट चोरी के मुद्दे पर देश चुप नहीं बैठेगा। उनके मुताबिक, सवाल उठाने वालों पर लाठियां चलाई गईं, लेकिन अब जनता इसका जवाब देगी। उन्होंने छात्रों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और व्यापारियों से लोकतंत्र की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया।

रैली की तारीख को लेकर विवाद

भाजपा ने 1 नवंबर को रैली आयोजित करने पर आपत्ति जताते हुए कांग्रेस से तारीख बदलने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि यह दिन 1984 के सिख विरोधी दंगों की बरसी से जुड़ा है, इसलिए रैली से सिख समुदाय की भावनाएं आहत हो सकती हैं। भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने भी कांग्रेस पर संवेदनशीलता नहीं दिखाने का आरोप लगाया। इसके जवाब में राहुल गांधी ने भाजपा और उसके सहयोगियों को रैली का प्रचार करने के लिए धन्यवाद दिया।

व्यापारिक संगठनों ने जताई चिंता

दिल्ली के चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने भी रैली को लेकर चिंता जाहिर की है। संगठन के अनुसार, त्योहारों के दौरान आयोजन से कारोबार प्रभावित हो सकता है। सीटीआई ने रैली को 10 नवंबर के बाद आयोजित करने का सुझाव दिया है। संगठन का अनुमान है कि इससे करीब 10,000 करोड़ रुपये के व्यापार पर असर पड़ सकता है। फेडरेशन ऑफ एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स ऑफ इंडिया ने भी विरोध जताया है।

चुनाव आयोग को लेकर विपक्ष की तैयारी

वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं के विरोध में विपक्षी दल 30 अक्टूबर को दिल्ली के होटल अशोक में मॉक संसद आयोजित करने की योजना बना रहे हैं। इसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सार्वजनिक महाभियोग जैसी कार्रवाई की पहल पर भी चर्चा होने की बात कही गई है।