National Technology

मेघालय सरकार ने Starlink के साथ किया MoU, दूरदराज इलाकों में बढ़ेगी हाई-स्पीड इंटरनेट कनेक्टिविटी

मेघालय सरकार ने दूरदराज इलाकों में इंटरनेट कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए Starlink के साथ मेमोरेंडम ऑफ़ अंडरस्टैंडिंग (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा के अनुसार, यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा और आर्थिक अवसरों को मजबूत करने में मदद करेगी। इस समझौते के तहत पहाड़ी और दुर्गम इलाकों में सैटेलाइट इंटरनेट पहुंचाया जाएगा, जिससे स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र और स्थानीय समुदाय डिजिटल दुनिया से जुड़ सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे शिलांग को नॉर्थईस्ट में IT हब बनाने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और डिजिटल अवसर बढ़ाने में मदद मिलेगी।

Starlink की तकनीक लो अर्थ ऑर्बिट सैटेलाइट के माध्यम से इंटरनेट उपलब्ध कराती है, जिससे मोबाइल टावर या फाइबर नेटवर्क की आवश्यकता नहीं होती। यह खासकर मेघालय जैसे पहाड़ी इलाकों में बेहद उपयोगी साबित होगी, जहां नेटवर्क लगाना चुनौतीपूर्ण है। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में ऑनलाइन शिक्षा, हेल्थकेयर सेवाएं, डिजिटल बिज़नेस और बड़े मार्केट तक पहुंच जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी और शहरी इलाकों की ओर माइग्रेशन भी कम होने की उम्मीद है।