इस हफ्ते सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे निवेशकों और खरीदारों दोनों का ध्यान इस ओर गया है। इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन के मुताबिक, सोने का भाव 11,181 रुपए गिरकर 1,47,218 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया है, जो पिछले हफ्ते 1,58,399 रुपए था। कैरेट के हिसाब से भी कीमतों में गिरावट देखी गई है। 22 कैरेट सोना घटकर 1,34,852 रुपए प्रति 10 ग्राम और 18 कैरेट सोना 1,10,414 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। इससे पहले ये कीमतें क्रमश: 1,45,093 और 1,18,799 रुपए थीं। वहीं चांदी की कीमतों में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। चांदी का भाव 28,124 रुपए टूटकर 2,32,364 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गया है, जो पहले 2,60,488 रुपए प्रति किलो था।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं पर दबाव देखने को मिला है। कॉमेक्स पर सोना 9.6% गिरकर 4,574.90 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जो 15 साल में सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट मानी जा रही है। वहीं चांदी में भी 14% से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई है। विशेषज्ञों के अनुसार, इस गिरावट की मुख्य वजह मुनाफावसूली और डॉलर की मजबूती है, जिसके चलते निवेशक सोना-चांदी से पैसा निकालकर अन्य निवेश विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं।









