National

केंद्र सरकार ने ‘प्रकृति 2026’ सम्मेलन का शुभारंभ किया, लॉन्च हुआ भारतीय कार्बन मार्केट पोर्टल

केंद्र सरकार ने शनिवार को कार्बन मार्केट्स और जलवायु परिवर्तन पर अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन प्रकृति 2026 का उद्घाटन किया। यह सम्मेलन नीति निर्माताओं, उद्योगपतियों और वैश्विक विशेषज्ञों को कार्बन मार्केट्स और हरित विकास के अवसरों पर चर्चा के लिए एक मंच प्रदान करता है। कार्यक्रम का आयोजन विद्युत मंत्रालय और पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के तहत ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी द्वारा किया गया। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, विद्युत राज्य मंत्री श्रीपाद नाइक और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में भारतीय कार्बन मार्केट पोर्टल का भी शुभारंभ किया गया।

इस पोर्टल के माध्यम से भारत में कार्बन मार्केट के कार्यान्वयन और प्रशासन के लिए एक केंद्रीकृत मंच मिलेगा। मंत्री खट्टर ने कहा कि भारत ने कार्बन क्रेडिट ट्रेडिंग, नवीकरणीय ऊर्जा और ऊर्जा दक्षता कार्यक्रमों के जरिए पारदर्शी और विश्वसनीय बाजार ढांचा तैयार किया है। सम्मेलन में पेरिस समझौते के तहत क्रेडिटिंग मैकेनिज्म, अनुपालन ढांचे, डिजिटल निगरानी, रिपोर्टिंग और सत्यापन तकनीक, कार्बन सीमा नीतियों और भवन व शीतलन क्षेत्रों के एकीकरण पर चर्चा की जाएगी। केंद्रीय मंत्री ने व्यवसायों से इसे केवल अनुपालन नहीं बल्कि निवेश और सतत विकास के अवसर के रूप में देखने का आह्वान किया।