Politics West Bengal

बंगाल चुनाव 2026: TMC ने 291 उम्मीदवारों की सूची जारी, ममता भवानीपुर से लड़ेंगी

तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी 294 में से 291 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि दार्जिलिंग क्षेत्र की तीन सीटें सहयोगी दल को दी गई हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस बार नंदीग्राम के बजाय भवानीपुर से चुनाव मैदान में उतरेंगी। पार्टी ने कई वरिष्ठ नेताओं को टिकट दिया है। नंदीग्राम सीट से पवित्र कर को उम्मीदवार बनाया गया है, जहां उनका मुकाबला भाजपा के सुवेंदु अधिकारी से होगा। इसके अलावा चंद्रिमा भट्टाचार्य, मदन मित्रा, फिरहाद हकीम और कुणाल घोष जैसे प्रमुख नेताओं को भी चुनावी मैदान में उतारा गया है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में ममता बनर्जी ने दावा किया कि उनकी पार्टी 226 से अधिक सीटें जीतकर सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने चुनाव आयोग पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि अधिकारियों के तबादले राजनीतिक दबाव में किए जा रहे हैं। अभिषेक बनर्जी ने बताया कि सूची में 52 महिला उम्मीदवार, 95 एससी-एसटी और 47 अल्पसंख्यक उम्मीदवार शामिल हैं। वहीं भाजपा और वाम दल भी अपनी-अपनी सूचियां जारी कर चुके हैं। राज्य में मतदान 23 और 29 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना 4 मई को होगी।