Delhi

दिल्ली में जलभराव और यातायात सुधार के लिए नए विकास कार्यों की शुरुआत, CM रेखा गुप्ता ने दी हरी झंडी

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार, 14 मार्च को शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में कई अहम विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण भी किया। इस मौके पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या में काफी कमी आएगी। शालीमार बाग के हैदरपुर मेन रोड (बस स्टैंड से डीए ब्लॉक तक) पर स्टॉर्म वाटर ड्रेन की रीमॉडलिंग का कार्य शुरू किया गया है। न्यू मास्टर ड्रेन प्लान 2025 के तहत यह परियोजना आरसीसी ड्रेन निर्माण के माध्यम से इलाके की जल निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाएगी। इसके अलावा रोड नंबर 319, आरयूबी शालीमार बाग, चौधरी मेहर चंद मार्ग, रोड नंबर 320 और स्वामी श्रद्धानंद सरस्वती मार्ग पर भी ड्रेनेज सुधार कार्य शुरू किए गए हैं।

यातायात सुविधा को बेहतर बनाने के लिए शालीमार चौक पर स्लिप रोड निर्माण और आरयूबी के आसपास यू-टर्न विकसित करने की पहल की गई। इससे क्षेत्र में यातायात दबाव कम होगा और निवासियों और यात्रियों के लिए सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित होगा। स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार के लिए सहीपुर गांव चौपाल में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्घाटन किया गया। यह केंद्र स्थानीय लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगा और स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच को आसान बनाएगा।

सड़क चौड़ीकरण और ड्रेनेज सुधार कार्यों का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय निवासियों की सुविधा का ध्यान रखते हुए कार्यों को समय पर पूरा किया जाए। दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि राजधानी के सभी क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करते हुए नागरिकों को बेहतर जीवन सुविधाएं प्रदान की जाएं।