हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) गुरुग्राम में रियल एस्टेट और शहरी विकास को नई गति देने के लिए बड़ा भूमि अधिग्रहण और विकास प्लान लेकर आया है। इसके तहत शहर के 51 सेक्टरों में करीब 17,000 एकड़ जमीन खरीदी जाएगी, जिसे आवासीय और व्यावसायिक उपयोग के लिए विकसित किया जाएगा। इस योजना का मुख्य उद्देश्य लोगों को किफायती दरों पर प्लॉट और घर उपलब्ध कराना तथा शहर के शहरी विस्तार को व्यवस्थित करना है।
HSVP इस जमीन की खरीद ई-भूमि पोर्टल और लैंड पूलिंग नीति के माध्यम से चरणबद्ध तरीके से करेगा, जिससे प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। पूरे हरियाणा में प्राधिकरण 1.67 लाख एकड़ जमीन खरीदने की योजना बना रहा है, जिसमें से सबसे बड़ा हिस्सा गुरुग्राम में होगा। अधिकारियों के अनुसार, इच्छुक जमीन मालिक पोर्टल पर अपनी जमीन का विवरण अपलोड कर सीधे प्राधिकरण से संपर्क कर सकते हैं। योजना के पहले चरण में गुरुग्राम के सेक्टर 26, 36ए, 37डी, 59, 60, 61, 63, 67, 70 और 76 से 113 तक के क्षेत्रों में जमीन खरीदी जाएगी।
दूसरे चरण में सोहना, पटौदी और ग्वाल पहाड़ी क्षेत्रों में जमीन अधिग्रहण होगा, जबकि तीसरे चरण में फरुखनगर क्षेत्र को शामिल किया जाएगा। इसके अलावा फरीदाबाद में भी 20,500 एकड़ जमीन खरीदने की योजना है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस योजना से मिडिल क्लास परिवारों और निवेशकों को लाभ मिलेगा। नई कॉलोनियों के विकास से न केवल आवासीय सुविधाएं बढ़ेंगी बल्कि रोजगार और बुनियादी ढांचे जैसे सड़क, बिजली और पानी की सुविधाओं में भी सुधार होगा। अधिकारियों के मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य अवैध कॉलोनियों के विस्तार को रोकना और व्यवस्थित रियल एस्टेट विकास को बढ़ावा देना है।









